पेट्रोल बम हमले का आरोपित अज़गु राज पुलिस मुठभेड़ में ढेर
पेरंबलूर, 27 जनवरी । तमिलनाडु के पेरंबलूर जिले में कुख्यात बदमाश वेल्लैकाली पर पेट्रोल बम फेंकने और जानलेवा हमले के मामले में मुख्य आरोपित अज़गु राज उर्फ अज़गु दुरै पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। हथियारों की बरामदगी के दौरान उसने पुलिस पर देशी बम फेंककर और चाकू से हमला कर फरार होने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी।
पुलिस के अनुसार, मदुरै का कुख्यात बदमाश वेल्लैकाली एक आपराधिक मामले की जांच के सिलसिले में पुडुकोट्टई अदालत में पेश किया गया था। इसके बाद उसे भारी सुरक्षा के बीच चेन्नई ले जाया जा रहा था। इसी दौरान त्रिची–चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेरंबलूर जिले के तिरुमंथुरै टोलगेट के पास पुलिस दल भोजन के लिए एक होटल में रुका। होटल के बाहर पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात थे।
इसी समय दो कारों में सवार एक गिरोह वहां पहुंचा और होटल पर लगातार तीन पेट्रोल बम फेंके। हमलावरों ने छिपाकर रखे चाकू से वेल्लैकाली पर हमला करने की कोशिश की। हालात को भांपते हुए सब-इंस्पेक्टर रामचंद्रन ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसके बाद आरोपित कारों में सवार होकर फरार हो गए। इस हमले में वेल्लैकाली की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी मरुदुपांडी गंभीर रूप से घायल हो गए, हालांकि वेल्लैकाली की जान बच गई।
