एएफसी महिला एशियाई कप: भारत ने थाईलैंड को हराकर क्वालीफाई किया फुटबॉल एशियाई कप का फाइनल

1-(72)
0 0
Read Time:3 Minute, 35 Second

चियांग माई (थाईलैंड):  भारतीय महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां मेजबान थाईलैंड पर 2-1 की रोमांचक जीत के साथ एएफसी महिला एशियाई कप 2026 फाइनल के लिए यादगार क्वालीफिकेशन हासिल किया। चियांग माई स्टेडियम की 700वीं वर्षगांठ पर इस जीत ने भारत को चार मैच में चार जीत के साथ क्वालीफायर के ग्रुप बी में शीर्ष स्थान दिलाया। भारत ने पहली बार क्वालीफिकेशन के जरिए महाद्वीपीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। ऑस्ट्रेलिया 2026 में टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। भारत इस तरह 2022 के बाद से पहली बार एशियाई कप में खेलेगा। 

भारत ने 2022 में मेजबान के रूप में हिस्सा लिया था लेकिन टीम को कोविड-19 संक्रमण के कारण हटने के लिए मजबूर होना पड़ा था। भारत ने अंतिम बार 2003 में सीधे क्वालीफाई किया था जब क्वालीफायर नहीं होते थे। भारत के लिए मिडफील्डर संगीता बासफोर स्टार रहीं जिन्होंने दो गोल कर टीम को यादगार जीत दिलाई। उन्होंने 28वें मिनट में पहला गोल करके कोच क्रिस्पिन चेत्री की टीम को आगे कर दिया। इस मैच में प्रबल दावेदार मानी जा रही थाईलैंड फीफा रैंकिंग में भारत से 24 स्थान ऊपर था। उसने 47वें मिनट में चटचावन रोडथोंग के गोल से बराबरी हासिल कर ली। लेकिन बासफोर ने 74वें मिनट में दूसरा गोल करके भारत की बढ़त बहाल कर दी। इसके बाद मेहमान टीम ने दमदार डिफेंस की बदौलत थाईलैंड को बराबरी का कोई और मौका नहीं दिया। इस जीत से भारत ने ग्रुप चरण के दबदबे को जारी रखा। उन्होंने मंगोलिया को रिकॉर्ड 13-0 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की। इसके बाद तिमोर लेस्ते पर 4-0 से जीत हासिल की और इराक को 5-0 से शिकस्त दी।

जापान के फूटोशी इकेडा की कोचिंग वाली थाईलैंड का प्रदर्शन भी शानदार रहा था जिसने इन्हीं प्रतिद्वंद्वियों को क्रमशः 11-0, 4-0 और 7-0 से हराया। भारत ने इससे पहले महिला फुटबॉल में थाईलैंड को कभी नहीं हराया था जिसमें पिछले साल चीन में एशियाई खेलों में 0-1 की हार भी शामिल है। लेकिन इस बार संगीता और उनकी साथियों ने सुनिश्चित किया कि इतिहास फिर से लिखा जाए। इस क्वालीफिकेशन से भारतीय टीम को नई ऊंचाइयों पर जाने के साथ 2027 में संभावित पहली फीफा महिला विश्व कप स्थान हासिल करने का मौका मिलेगा। 

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish