मुख्य सचिव ने की बदरीनाथ-केदारनाथ मास्टर प्लान की समीक्षा, कार्यों में तेजी के निर्देश
देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में श्री बदरीनाथ धाम और श्री केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत चल रहे विभिन्न निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मास्टर प्लान के अंतर्गत परिसंपत्तियों के हैंडओवर की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों के तहत सेंट्रल स्ट्रीट के छह भवनों को उच्च प्राथमिकता पर रखते हुए यात्रा सीजन समाप्त होने के बाद इनके निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित स्टेकहोल्डर्स के साथ आवश्यक एग्रीमेंट साइन करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कराने को कहा, ताकि निर्माण कार्य शुरू करने में किसी प्रकार की देरी न हो। बैठक में संस्कृति मंत्रालय की ओर से कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी को इन कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे हो सकें।
मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर निर्माण पर रोक
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर किसी भी प्रकार के निर्माण की अनुमति न दी जाए। उन्होंने इसके लिए तत्काल शासनादेश (जीओ) जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों के दौरान सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने श्री बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के फेज-1 और फेज-2 के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
बदरीनाथ में 15 दिनों में शुरू हो सकता है निर्माणाधीन अस्पताल
बैठक में बदरीनाथ धाम में निर्माणाधीन अस्पताल की प्रगति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने बताया कि अस्पताल को करीब 15 दिनों में शुरू करने की योजना है। मुख्य सचिव ने अस्पताल को निर्धारित समय सीमा में शुरू करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, एपीसीसीएफ डॉ. विवेक पाण्डेय, सुरेन्द्र मेहरा, सीसीएफ प्रसन्ना कुमार पात्रो, अपर सचिव विनीत कुमार, हिमांशु खुराना और अभिषेक रोहिला सहित संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
