हिमाचली संस्कृति को दिखाती फिल्म ‘खूंटा’ 18 सितंबर को होगी देशभर में रिलीज
शिमला। हिमाचल की फीचर फिल्म ‘खूंटा’ 18 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के निर्माता मुकेश मोदी और राइटर-डायरेक्टर और अभिनेत्री अनुशी शर्मा ने शुक्रवार को शिमला में प्रेस वार्ता में बताया कि फिल्म हिंदी भाषा में बनाई गई है, जबकि इसके गीत पहाड़ी भाषा में हैं। फिल्म में हिमाचल की संस्कृति, देव परंपराओं और पर्यावरण के साथ यहां के लोगों के भावनात्मक जुड़ाव को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है।
महासू महाराज की देव आस्था, मंदिर परंपरा, पहाड़, नदियां, मौसम और पशुओं के साथ हिमाचली समाज के रिश्ते को फिल्म के माध्यम से पर्दे पर उतारने का प्रयास किया गया है। फिल्म निर्माता मुकेश मोदी ने बताया कि फिल्म का प्रीमियर कान्स में हुआ। इसके बाद न्यूयॉर्क के एक फिल्म फेस्टिवल में फिल्म को पुरस्कार मिला। लंदन और कोलकाता में भी फिल्म को सम्मान हासिल हुआ है। लास वेगास में हॉलीवुड-बॉलीवुड से जुड़े समारोह में भी फिल्म को अवार्ड मिला। फिल्म को साढ़े तीन करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है।
