25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा ‘आंगन का मिलन’ अभियान
पिथौरागढ़। प्रदेश में आगामी 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का मिलन’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पिथौरागढ़ में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को उनके केंद्रों पर किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
अभियान के तहत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री पोषण अभियान, नंदा गौरा योजना और मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों को दी जाएगी और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इस दौरान लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट का वितरण भी किया जाएगा।
अभियान अवधि में विभिन्न विभागों की ओर से विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया जा सके। इसके अलावा प्रदेश के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाने के प्रभावी माध्यम के रूप में मजबूत करना तथा महिलाओं, बच्चों और पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
