मेयर सौरभ थपलियाल ने द पॉली किड्स स्कूल द्वारा आयोजित ‘ग्रीनोवेशन 2026’ में किया प्रतिभाग
देहरादून। मेयर सौरभ थपलियाल ने आज द पॉली किड्स स्कूल, डालनवाला, देहरादून द्वारा सर्वे ऑफ इंडिया ऑडिटोरियम, हाथीबड़कला में आयोजित वार्षिक समारोह ‘ग्रीनोवेशन 2026 – छोटे हाथ, बड़ा बदलाव’ में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल ने बच्चों की प्रतिभा एवं प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना भी आवश्यक है। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर शिक्षा के साथ संस्कार प्रदान करने की दिशा में विद्यालय परिवार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
