नेपाली मजदूर की हत्या कर पब्बर नदी में फेंका शव, दो संदिग्धों की तलाश तेज़

d13beb1d787cb0ce89f236dfbcc31af4
0 0
Read Time:2 Minute, 58 Second

शिमला, 20 फ़रवरी। शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के चिड़गांव थाना क्षेत्र में नेपाली मूल के मजदूर की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। हत्या के बाद फरार हुए दो आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी भी नेपाली मूल के मजदूर हैं और घटना के बाद से फरार चल रहे हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव बडियारा (जांगला) में नेपाली व्यक्ति सेती राम कामी उर्फ राकेश प्रताप (36) की हत्या के मामले में संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। 18 फरवरी को थाना चिड़गांव में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्ध मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए हैं। इसके बाद वे फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार संदिग्धों का कद छोटा और रंग सांवला है। इनमें से एक के बाल लंबे हैं और उसने भूरे रंग की हुडी पहन रखी थी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि 17 फरवरी की शाम मृतक इन दोनों के साथ था और कथित तौर पर शराब पीने के बाद वह लापता हो गया था। अगले दिन उसका शव पब्बर नदी किनारे बंधे हाथ-पांव के साथ बरामद हुआ था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और अंतरराज्यीय कनेक्शन की भी जांच हो रही है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि हत्या के बाद से फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि तस्वीरों में दिख रहे संदिग्धों के बारे में कोई भी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

पुलिस ने सूचना देने के लिए थाना चिड़गांव के एसएचओ का मोबाइल नंबर 8894728027 जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish