कांगो में दाएश समर्थकों का तांडव: गांव पर हमला कर 20 ग्रामीणों को उतारा मौत के घाट

1d4613693f3e26dd116f438b747ec111
0 0
Read Time:3 Minute, 17 Second

किंशासा (कांगो), 10 फरवरी । आतंकवादी समूह दाएश ( आईएसआईएस का अरबी नाम) समर्थक विद्रोहियों ने पूर्वी कांगो के एक गांव पर सप्ताहांत में हमला कर कम से कम 20 लोगों की हत्या कर दी। सैन्य प्रशासक कर्नल एलेन किवेवा मिटेला ने यह जानकारी दी।

अरब न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, सैन्य प्रशासक मिटेला ने बताया कि यह हमला शनिवार तड़के उत्तरी किवु प्रांत के लुबेरो इलाके के माम्बिम्बी-इसिगो गांव में हुआ। मिटेला ने कहा कि इस हमले से लोगों का बड़े पैमाने पर विस्थापन हुआ है। हमले में एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्सेज (एडीएफ) और रवांडा समर्थित एम 23 (मार्च 23 मूवमेंट) के विद्रोही शामिल हो सकते हैं।

इस हमले पर अभी तक एडीएफ ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इलाके के सिविल सोसाइटी कार्यकर्ताओं के अनुसार, विद्रोहियों ने पहले कई किसानों के खेतों पर दबिश दी और फिर चाकू और हथियारों से नागरिकों पर हमला किया। बापेरे में सिविल सोसाइटी के प्रमुख किनोज किटवा ने कहा, यह आंकड़ा अभी शुरुआती है, क्योंकि कई नागरिक लापता हैं। उन्होंने इलाके में कांगो सेना के सैनिकों की कम संख्या की आलोचना की।

पहले भी एडीएफ और एम 23 विद्रोहियों सहित अनेक सशस्त्र समूहों ने पूर्वी कांगो में कई बार घातक हमले किए हैं। एडीएफ ने 2019 में दाएश समूह के प्रति वफादारी की कसम खाई थी। एडीएफ के विद्रोही युगांडा के साथ सीमा पर सक्रिय हैं और अकसर नागरिकों को निशाना बनाते हैं। उत्तरी किवु प्रांतीय सिविल सोसाइटी समन्वय के अनुसार, साल की शुरुआत से बेनी और लुबेरो इलाकों में एडीएफ विद्रोहियों ने कम से कम 62 नागरिकों को मारा है।

संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना प्रमुख जीन-पियरे लैक्रोइक्स ने सोमवार को पूर्वी कांगो और बेनी का दो दिवसीय आधिकारिक दौरा शुरू किया है। यह इलाका एडीएफ के हमलों से खास तौर पर प्रभावित हुआ है।

एडीएफ का गठन 1990 के दशक के आखिर में युगांडा में राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी से असंतोष के बाद अलग-अलग छोटे समूहों ने किया था। 2002 में युगांडा के सैन्य हमलों के बाद यह समूह पड़ोसी कांगो चला गया। इसे हजारों नागरिकों की हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। जुलाई 2025 में समूह ने कम से कम 100 लोगों की हत्या की।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish