उत्तराखंड में कुल 3.50 लाख करोड़ की 42 प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से 10 परियोजनाएं पूरी: मुख्यमंत्री धामी
देहरादून, 30 जनवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपनों को साकार करने में प्रगति पोर्टल की अहम भूमिका निभा रहा है। उत्तराखंड में कुल 3.50 लाख करोड़ रुपये के 42 प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से 10 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। शेष परियोजनाओं की निगरानी की जा रही है और लगभग 96 प्रतिशत निवेश वर्तमान में कार्यान्वयन चरण में है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय में केन्द्र सरकार के प्रगति पोर्टल विषय पर पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में अपनी बात रख रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के बाद से देश में बुनियादी ढांचा, परिवहन, रेलवे, आईटी, स्वास्थ्य सेवा और हवाई सेवा की योजनाएं तेजी से आगे बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश और देश के विकास में उल्लेखनीय सुधार और लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हिमालयी क्षेत्र में रणनीतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए राज्य राष्ट्रीय कनेक्टिविटी, नवीकरणीय ऊर्जा, रेलवे विस्तार और विमानन अवसंरचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 42 परियोजनाओं में से 10 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जिनका कुल निवेश लगभग एक लाख करोड़ रुपये है। शेष 32 परियोजनाएं निर्माण और कार्यान्वयन चरण में हैं, जिनमें लगभग 3.37 लाख करोड़ रुपये का निवेश शामिल है। इन 32 परियोजनाओं में से 12 परियोजनाओं (1,13,790 करोड़ रुपये) की प्रगति प्रणाली (प्रगति) पोर्टल के तहत निगरानी की जा रही है। वहीं, उच्च-मूल्य की 15 परियोजनाओं (1.22 लाख करोड़ रुपये) को राष्ट्रीय महत्व की बुनियादी ढांचागत परिसंपत्तियों से जोड़ा गया है और ये प्रगति प्रणाली के अंतर्गत निगरानी में हैं।
