उत्तर भारत की बर्फीली हवाओं से राजस्थान में बढ़ी गलन, तीन शहरों में पारा माइनस

769fb28bdd58dbc426ec30ce28c4c830
0 0
Read Time:3 Minute, 2 Second

जयपुर, 26 जनवरी। उत्तर भारत से चल रही बर्फीली हवाओं के असर से राजस्थान में सर्दी ने जबरदस्त कहर बरपा दिया है। प्रदेश में गलन लगातार बढ़ती जा रही है और तीन शहरों में तापमान शून्य से नीचे चला गया। जयपुर, नागौर, सीकर, हनुमानगढ़ समेत कई जिलों में तापमान गिरने से ग्रामीण इलाकों में बर्फ जमने की स्थिति बन गई।

राज्य के एक जिले को छोड़कर शेष सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। रविवार को दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप भी निकली, लेकिन सर्द हवाओं ने धूप में भी ठिठुरन बनाए रखी।

पिछले 24 घंटे के दौरान फतेहपुर (सीकर), नागौर और माउंट आबू (सिरोही) में न्यूनतम तापमान माइनस में मापा गया। प्रदेश के 13 शहरों में पारा पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। नागौर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़ और जयपुर जिले के कई ग्रामीण इलाकों में रविवार सुबह खेतों और खुले स्थानों पर बर्फ जमी नजर आई।

अलवर जिले में रविवार को शीतलहर का प्रभाव देखने को मिला। ठंडी हवाओं के चलते आम जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह और रात के समय गलन सबसे ज्यादा महसूस की गई।

सर्द हवाओं का असर दिन के तापमान पर भी साफ नजर आया। रविवार को प्रदेश के किसी भी शहर में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंच सका।

सबसे अधिक तापमान चित्तौड़गढ़ में 22.8 डिग्री और डूंगरपुर में 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अजमेर में 21.2, जयपुर में 19.6, कोटा में 19.4, उदयपुर में 19.8, बाड़मेर में 20.4, जोधपुर में 20.6, जैसलमेर व बीकानेर में 17.6, चूरू में 19.1, श्रीगंगानगर में 19.3, पाली में 18.6, अलवर में 17 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से शीतलहर के प्रभाव में थोड़ी कमी आ सकती है। हालांकि, आने वाले दिनों में एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से जयपुर सहित प्रदेश के करीब 18 जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

इस दौरान कई जिलों में तेज आंधी चलने के साथ हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish