राष्ट्रपति मुर्मू की देहरादून यात्रा की तैयारियां तेज, अतिरिक्त सचिव ने लिया तैयारियों का जायजा

6
0 0
Read Time:5 Minute, 24 Second

देहरादून: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की प्रस्तावित देहरादून दून यात्रा को लेकर राष्ट्रपति सचिवालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने देहरादून में अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान डॉ. गुप्ता ने राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि राष्ट्रपति की परिसंपत्तियों के अंतर्गत देहरादून में बनाए जा रहे राष्ट्रपति उद्यान सहित अन्य निर्माणाधीन कार्य तय समय में पूरे किए जाएं।

राष्ट्रपति निकेतन में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी देहरादून डॉ. सविन बंसल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, एस एस पी देहरादून अजय सिंह, एम एन ए देहरादून नमामि बसंल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

राष्ट्रपति संपदाओं को “राष्ट्र का भवन” बनाने की महत्वपूर्ण पहल के चलते देहरादून में राष्ट्रपति निकेतन एवं राष्ट्रपति तपोवन की स्थापना के बाद राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण की महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य तेजी से जारी है। 132 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में बन रहे राष्ट्रपति उद्यान के कार्यों को अगले वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य है।

राष्ट्रपति उद्यान की परिकल्पना सुगम्यता, सततता और सामुदायिक सहभागिता के सिद्धांतों पर आधारित है। जनसहभागिता, संस्कृति और नागरिक गौरव के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किए जा रहे इस उद्यान के भीतर थीम आधारित फूलों और वनस्पतियों के बाग, तितली गृह और पक्षीशाला, सुरम्य झील जैसे प्रमुख आकर्षण होंगे। देश का दूसरा सबसे ऊॅंचा राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ इस उद्यान की पहचान का अहम हिस्सा होगा। उद्यान में पैदल एवं साइकिल ट्रैक, सांस्कृतिक गतिविधियों हेतु 800 से अधिक लोगों की क्षमता का एक मुक्ताकाशी रंगमंच, सार्वजनिक पुस्तकालय एवं फूड प्लाजा की भी व्यवस्था होगी।

राष्ट्रपति निकेतन परिसर के भीतर घुड़सवारी क्षेत्र (horse riding arena) का एक नया आकर्षण भी जल्द आम लोगों के अवलोकन हेतु उपलब्ध होगा। जहां पर आम लोग प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड के घोड़ों की सवारी एवं देखभाल के तौर-तरीकों का नजदीक से साक्षात्कार कर सकेंगे। इस एरीना में राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली से प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड के 6 घोड़े लाए जा रहे हैं। यह घोड़े प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड की गरिमा और परंपरा के गौरवशाली प्रतीक रहे हैं।

इन परिसरों तक आगंतुकों के सुगम व सुरक्षित पैदल आवागमन के लिए राजपुर रोड पर लोक निर्माण विभाग ( उत्तराखण्ड ) द्वारा फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है। पारंपरिक पर्वतीय वास्तुशिल्प की छाप वाले इस फुटओवर ब्रिज के दोनों तरफ लिफ्ट की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। 32 मीटर लंबे तथा चार मीटर चौड़ाई वाले इस फुट ओवर ब्रिज का निर्माण छः माह के भीतर पूरा किया गया है।

राष्ट्रपति सचिवालय के जनसंपर्क अधिकारी कुमार समरेश ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की आगामी प्रस्तावित यात्रा के दौरान नवनिर्मित हॉर्स राइडिंग एरीना एवं ओवर फुट ब्रिज का लोकार्पण किए जाने की संभावना है।

राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन का गत 20 जून को लोकार्पण किया गया था। यह दोनों स्थल पर्यटकों एवं स्थानीय निवासियों के बीच आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं। राष्ट्रपति सचिवालय के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि बीते चार माह में राष्ट्रपति निकेतन में 4,753 लोगों ने तथा राष्ट्रपति तपोवन में 15,567 लोगों ने भ्रमण किया। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन राष्ट्रपति उद्यान में प्रतिवर्ष 20 लाख लोगों के आने का अनुमान है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish