हिमाचलः शिमला में 1.19 करोड़ से होंगे विकास के 12 नए कार्य, फ्लावरडेल में बनेगी स्टील पार्किंग

3
0 0
Read Time:4 Minute, 41 Second

शिमला। राजधानी शिमला के विभिन्न वार्डों में रहने वाले लोगों को जल्द ही पार्किंग, रास्तों, फुटपाथ और अन्य बुनियादी सुविधाओं की सौगात मिलने जा रही है। नगर निगम शिमला ने शहर में विकास कार्यों को गति देने के लिए करीब 1.19 करोड़ रुपये की लागत के 12 नए कार्यों को मंजूरी देते हुए इनके टेंडर जारी कर दिए हैं। इन कार्यों के तहत शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में स्टील पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय, रास्ते और नालों का निर्माण किया जाएगा। खास बात यह है कि विकास कार्यों की सूची में टूटीकंडी में कुत्तों के लिए शेड बनाने की योजना भी शामिल है, जबकि फ्लावरडेल में शहर की एक और स्टील कार पार्किंग तैयार की जाएगी। नगर निगम का लक्ष्य इसी महीने इन कार्यों को शुरू करवाने का है।

शहर में पार्किंग की बढ़ती समस्या को देखते हुए नगर निगम ने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध स्थानों पर स्टील पार्किंग विकसित करने की योजना बनाई है। इसके तहत वार्ड नंबर 25 मल्याणा के फ्लावरडेल में 18.97 लाख रुपये की लागत से स्टील कार पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। वहीं, रुल्दू भट्टा में पांच घरों की लाइन से शंकली तक 8.66 लाख रुपये खर्च कर स्टील पार्किंग बनाई जाएगी।

इसी तरह वार्ड नंबर चार अनाडेल के धोबीघाट में 5.73 लाख रुपये की लागत से पार्किंग का निर्माण होगा। इस कार्य के तहत एज वॉल बनाने के साथ सीमेंट कंक्रीट का काम भी किया जाएगा।

नगर निगम की विकास योजनाओं में पशु कल्याण को भी प्राथमिकता दी गई है। वार्ड नंबर 10 टूटीकंडी में 16.71 लाख रुपये की लागत से कुत्तों के लिए शेड बनाया जाएगा। इसमें सीजीआई शीट की छत, सीमेंट कंक्रीट का फर्श और जालीदार बाड़ लगाई जाएगी, जिससे पशुओं के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।

इसके अलावा अपर मशोबरा चौक के समीप 16.73 लाख रुपये की लागत से सार्वजनिक शौचालय का निर्माण किया जाएगा। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी।

वहीं, वार्ड नंबर 14 राम बाजार में लिफ्ट के समीप स्थित आजीविका भवन की सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। इस कार्य पर 6.26 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत नया कोलैप्सिबल शटर लगाने, सीढ़ियों में वेंटिलेशन सिस्टम स्थापित करने और भवन में रंग-रोगन का कार्य किया जाएगा।

भट्टाकुफर क्षेत्र में भी लोगों की सुविधा के लिए नया रास्ता बनाया जाएगा। नेरीधार से श्मशानघाट सड़क के समीप खुशी जनरल स्टोर से भंडारी निवास तक 8.60 लाख रुपये की लागत से रास्ते का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बल्ली कॉटेज रोड से दक्षिण विहार पार्किंग तक आरसीसी नाले का निर्माण भी प्रस्तावित है।

नगर निगम की इन योजनाओं से शहर के विभिन्न वार्डों में पार्किंग की समस्या कम करने के साथ-साथ आवागमन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिल सकेगी।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

You may have missed

en_USEnglish