हिमाचलः आईजीएमसी में लगेगी एक और सीटी स्कैन मशीन, मरीजों को लंबी प्रतीक्षा से मिलेगी राहत
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला में मरीजों को अब सीटी स्कैन जांच के लिए घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मरीजों की बढ़ती संख्या और मौजूदा मशीनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने एक अतिरिक्त सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अस्पताल में नई मशीन स्थापित की जाएगी।
आईजीएमसी में प्रतिदिन हजारों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें औसतन 50 से 60 मरीजों को रोजाना सीटी स्कैन करवाने की आवश्यकता पड़ती है। वर्तमान में अस्पताल में दो सीटी स्कैन मशीनें उपलब्ध हैं। इनमें से एक मशीन वर्ष 2010 में पुराने भवन में स्थापित की गई थी, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से सामान्य मरीजों की नियमित जांच के लिए किया जाता था। हालांकि, इस मशीन को संबंधित कंपनी की ओर से एंड ऑफ लाइफ (उपयोग अवधि समाप्त होने) का प्रमाणपत्र जारी किया जा चुका है।
वहीं, दूसरी सीटी स्कैन मशीन अस्पताल के आपातकालीन विभाग में स्थापित है। इस मशीन पर पहले केवल इमरजेंसी मरीजों की जांच का जिम्मा था, लेकिन अब नियमित जांच करवाने वाले मरीजों का दबाव भी इसी पर बढ़ गया है। इसके चलते आपातकालीन विभाग में मरीजों की भीड़ बढ़ रही है, जबकि सामान्य जांच करवाने पहुंच रहे मरीजों को भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
एक मशीन के उपयोग से बाहर होने के कारण दूसरी मशीन पर काम का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। ऐसे में मरीजों को समय पर सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध करवाना अस्पताल प्रबंधन के लिए चुनौती बन गया है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने एक और सीटी स्कैन मशीन लगाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा है।
नई मशीन स्थापित होने से नियमित और आपातकालीन मरीजों की जांच का दबाव अलग-अलग मशीनों पर बांटा जा सकेगा। इससे मरीजों को समय पर जांच की सुविधा मिलने के साथ ही इमरजेंसी विभाग में भीड़ का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही आईजीएमसी में मरीजों को बेहतर और सुचारू स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में भी मदद मिलेगी।
