राज्यपाल ने स्व-गणना कर जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का किया शुभारंभ

d11c7aeae108e3caba46aeae1410f338
0 0
Read Time:3 Minute, 21 Second

देहरादून: उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को लोक भवन में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के माध्यम से जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से जनगणना में शत-प्रतिशत भागीदारी करने और प्रगणकों को सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े प्रदेश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बनेंगे।

राज्यपाल ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की आवश्यकताओं को समझने, संसाधनों का उचित वितरण सुनिश्चित करने और जनकल्याणकारी योजनाओं की दिशा तय करने का वैज्ञानिक माध्यम है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न की जा रही है। प्रदेशवासी 16 से 30 नवंबर तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपनी स्व-गणना कर सकते हैं। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।

डॉ. बिसेन ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा जनगणना कार्य में पूरा सहयोग दें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आगे आकर अपने परिवार के सदस्यों को स्व-गणना की प्रक्रिया में सहयोग करने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने प्रगणकों को निर्देश दिए कि वे जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें। प्रत्येक परिवार से सही जानकारी प्राप्त करने के साथ सभी विवरणों को सावधानीपूर्वक दर्ज किया जाए, ताकि आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बनी रहे।

उन्होंने कहा कि जनगणना में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उत्तराखंड के जागरूक नागरिकों की शत-प्रतिशत भागीदारी से विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के साथ समावेशी एवं विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीन कुमार और वरिष्ठ उप निदेशक आरके बनवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish