नाबालिग से दुष्कर्म के मामले मे महिला कांग्रेस ने मुखानी कोतवाली में दिया धरना
हल्द्वानी: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को लेकर सियासत गरमा गई है। घटना के विरोध में सोमवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला महिला कार्यकर्ताओं के साथ मुखानी कोतवाली पहुंचीं और कोतवाली परिसर में ही धरने पर बैठ गईं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपितों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि पीड़िता के परिवार पर दबाव बनाया जा रहा है और उन्हें धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे गंभीर मामले में पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए, न कि उसे डराने या दबाव में लेने की कोशिश होनी चाहिए। महिला कांग्रेस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को भी पकड़ने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने, घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाने और किसी भी दोषी को बचने नहीं देने की मांग की।
धरने पर बैठीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि पीड़िता को न्याय मिलने और परिवार को सुरक्षा सुनिश्चित होने तक उनकी आवाज उठती रहेगी।
