धान खरीद के लिए 7 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य, 1 अक्टूबर से शुरू होगी खरीद प्रक्रिया
देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों और राइस मिलर्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आगामी खरीफ क्रय सत्र 2026-27 में धान खरीद की तैयारियों को लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में धान एवं मंडुवा (रागी) खरीद के लक्ष्य, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), भुगतान प्रक्रिया और क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि खरीफ क्रय सत्र 2026-27 में 7 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस वर्ष साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल, जबकि ग्रेड-ए धान का MSP 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। बैठक में मंडुवा (रागी) खरीद को लेकर भी जानकारी दी गई। मंडुवा खरीद का लक्ष्य 12 हजार मीट्रिक टन रखा गया है और इसके लिए 5,205 रुपये प्रति क्विंटल MSP निर्धारित किया गया है। धान और मंडुवा दोनों की खरीद प्रक्रिया 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक चलेगी।
48 घंटे में होगा मिलर्स को भुगतान
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राइस मिलर्स को भुगतान की प्रक्रिया को और तेज किया गया है। पूर्व में जहां भुगतान 72 घंटे के भीतर किया जाता था, वहीं अब सरकार द्वारा 48 घंटे के भीतर सीधे मिलर्स के बैंक खातों में भुगतान किए जाने की व्यवस्था की गई है।
रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने मंडियों और क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं खरीद शुरू होने से पहले ही पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके। बैठक के दौरान मिलर्स एवं अन्य प्रतिनिधियों ने खरीद प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। इन सुझावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव एल. फेनई, अपर सचिव कृषि आनंद श्रीवास्तव, आयुक्त खाद्य बंशी लाल राणा, एम.एस. बिसेन, आरएफसी कुमाऊं सी.एस. मर्तोलिया, सी.एम. घिल्डियाल, आरएफसी गढ़वाल सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और राइस मिलर्स संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
