बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या 17.79 लाख से अधिक

16
0 0
Read Time:4 Minute, 1 Second

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चारधाम यात्रा लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के बाद अब बदरीनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या ने पुराने रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। धाम के यात्रा इतिहास में पहली बार दर्शनार्थियों की संख्या 17 लाख 79 हजार 805 तक पहुंच गई है। खास बात यह है कि बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने में अभी करीब डेढ़ से पौने दो महीने का समय शेष है।

23 अप्रैल से शुरू हुई बदरीनाथ धाम यात्रा ने 22 सितंबर को महज 153 दिनों में नया रिकॉर्ड बनाया। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड राज्य स्थापना वर्ष 2000 में बदरीनाथ धाम में कुल 6 लाख 95 हजार 332 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। वर्ष 2007 में यह संख्या बढ़कर 7 लाख 68 हजार 107 हो गई। इसके बाद वर्ष 2008 और 2010 में श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख के पार पहुंची।

हालांकि, वर्ष 2014 की भीषण आपदा का असर बदरीनाथ यात्रा पर भी पड़ा और श्रद्धालुओं की संख्या घटकर महज 1 लाख 59 हजार 575 रह गई। इसके बाद वर्ष 2018 में 10 लाख 48 हजार 051 और वर्ष 2019 में 12 लाख 44 हजार 993 श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचे।

कोरोना काल में डेढ़ से दो लाख के बीच सिमटी यात्रा
कोरोना संक्रमण के दौरान बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई। वर्ष 2020 में महज 1 लाख 55 हजार 055 और वर्ष 2021 में 1 लाख 99 हजार 409 तीर्थयात्रियों ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इसके बाद वर्ष 2022 से यात्रा ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ी। प्रदेश सरकार की ओर से यात्रा प्रबंधन को मजबूत करने और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार किए जाने के साथ ही बदरीनाथ धाम में दर्शनार्थियों की संख्या लगातार बढ़ती गई।

2022 से लगातार बढ़ा श्रद्धालुओं का आंकड़ा
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 में 17 लाख 63 हजार 578, वर्ष 2023 में 17 लाख 80 हजार 429, वर्ष 2024 में 17 लाख 74 हजार 264 और वर्ष 2025 में 17 लाख 78 हजार 298 श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम में दर्शन किए।

अब वर्ष 2026 में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। 22 सितंबर तक 17 लाख 79 हजार 805 श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा सीजन में अभी काफी समय शेष होने के कारण यह आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।

मौसम में सुधार के साथ ही बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में भी तेजी देखी जा रही है। मंगलवार को 6,685 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इससे चारधाम यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं के बढ़ते उत्साह का भी पता चलता है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish