देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर चलती कार बनी आग का गोला, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
देहरादून। उत्तराखंड में देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह हर्रावाला क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। चालक की सतर्कता, पुलिस और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, मणिमाई मंदिर से करीब 200 मीटर आगे राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रही कार से अचानक धुआं उठने लगा। कार चला रहे हिमांशु जोशी, निवासी डालनवाला, देहरादून ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और सुरक्षित बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिलते ही हर्रावाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की वजह से कुछ समय के लिए देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारु रूप से बहाल करा दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कार में चालक के अलावा कोई अन्य सवार नहीं था। समय रहते वाहन से बाहर निकल जाने के कारण चालक की जान बच गई।
घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। आग से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
