उत्तराखंड की आईएएस वंदना सिंह केंद्र में प्रतिनियुक्त, डीडीए में कमिश्नर नियुक्त
देहरादून। उत्तराखंड कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी वंदना सिंह को केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) में कमिश्नर (लैंड मैनेजमेंट) नियुक्त किया गया है।
वर्तमान में वंदना सिंह उत्तराखंड में कृषि महानिदेशक के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह अल्मोड़ा, नैनीताल और रुद्रप्रयाग की जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। नैनीताल में संयुक्त मजिस्ट्रेट तथा पिथौरागढ़ में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्व निभाए हैं।
प्रशासनिक दक्षता, कार्यकुशलता और ईमानदार कार्यशैली के लिए पहचान रखने वाली वंदना सिंह की यह नियुक्ति उत्तराखंड के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है। केंद्र सरकार में उन्हें भूमि प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
