हिमाचल में मानसून का कहर, कई जिलों में रेड अलर्ट
शिमला। हिमाचल में बरसात अपने यौवन पर है। मौसम विभाग ने भी 20 और 21 जुलाई के लिए राज्य के कई हिस्सों में बहुत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को आगले तीन घंटों के दौरान चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और सिरमौर में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा और दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मानसून सीजन में यह पहली बार है, जब प्रदेश के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। सोमवार को चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर में भारी वर्षा का रेड अलर्ट है। हालांकि आज आसमान में बादल छाए हुए हैं, लेकिन अभी तक जोरदार बारिश का दौर शुरू नहीं हुआ है। ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, शिमला और सोलन में भी ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा किन्नौर और लाहुल स्पिती में एक-दो स्थानों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार को चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर व कुल्लू में रेड अलर्ट है, वहीं ऊना, हमीरपुर, शिमला में भारी वर्षा का ओरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। 22 जुलाई के लिए ओरेंज अलर्ट तथा 23 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 24 और 25 जुलाई को मौसम में कुछ राहत मिलने का अनुमान है। लगातार सक्रिय मानसून के चलते भू-स्खलन, अचानक बाढ़, नालों के उफान और सडक़ें बंद होने जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है। भारी बारिश का एलर्ट जारी होने के बाद कांगड़ा जिला में दो दिन के लिए सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश रखा गया है। उधर, चंबा में प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा पर तीन दिनों के लिए रोक लगा दी है। हड़सर में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
