पीएम मोदी ने पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन राष्ट्र को किया समर्पित

5
0 0
Read Time:3 Minute, 38 Second

-विकास यात्रा का नया मील का पत्थर: सीएम धामी

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में देहरादून का हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपस्थित रहे। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता को दर्शाता है। स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को स्थान देकर आधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय संस्कृति का समावेश किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक हो रही है। रेलवे नेटवर्क के आधुनिकीकरण, सुरक्षा और तकनीकी दक्षता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक स्वदेशी ट्रेनें देश की नई पहचान बन चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल संपर्क पहुंचाने का सपना भी साकार हो रहा है। ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, जिससे राज्य के पर्यटन, सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही प्रदेश को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से यात्रियों और पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट दिया है, जबकि प्रदेश में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य जारी है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी की उत्तराखंड के प्रति विशेष प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), जनप्रतिनिधि, भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकार के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish