रविवार की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रशासन अलर्ट, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता: एडीएम के.के. मिश्रा
देहरादून। जनपद में 19 जुलाई (रविवार) को आयोजित होने वाली दो प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं त्रुटिरहित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) द्वारा उच्च न्यायालय नैनीताल के अधीनस्थ कार्यालयों में सहायक समीक्षा अधिकारी, असिस्टेंट लाइब्रेरियन, अनुवादक एवं टाइपिस्ट परीक्षा-2025 का आयोजन जनपद के 8 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक एक पाली में होगी, जिसमें 3,908 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा संचालन के लिए 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 3 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (असिस्टेंट कमांडेंट) परीक्षा-2026 जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा दो सत्रों में होगी। पहला सत्र सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे और दूसरा सत्र दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगा। इस परीक्षा में 4,266 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
एडीएम के.के. मिश्रा ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट समय से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भौतिक सत्यापन करें। उन्होंने गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने पुलिस, शिक्षा विभाग, कोषागार एवं अन्य संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि दोनों परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।
