30 जुलाई से शुरू होगी कांवड़ यात्रा, सुरक्षित आयोजन के लिए राज्यों ने बनाई संयुक्त रणनीति
हरिद्वार। आगामी 30 जुलाई से 11 अगस्त, 2026 तक आयोजित होने वाले कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर हरिद्वार स्थित मेला नियंत्रण भवन में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड सहित उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लेकर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और समन्वय की व्यापक रणनीति तैयार की।
बैठक में कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, संचार व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी राज्यों ने साझा कार्ययोजना के तहत समन्वित तरीके से काम करने की प्रतिबद्धता जताई। निर्णय लिया गया कि राज्यों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा तथा उत्तराखंड की सीमाओं पर पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ संयुक्त चेक पोस्ट और बैरियर स्थापित किए जाएंगे।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों को प्रवेश बिंदुओं पर ही यात्रा संबंधी दिशा-निर्देश, सुरक्षा मानक और प्रतिबंधों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को वैध पहचान पत्र साथ रखने के लिए प्रेरित करने तथा हथियार एवं प्रतिबंधित सामग्री के साथ यात्रा में प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संतों और धार्मिक गुरुओं के संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर श्रद्धालुओं को अनुशासित एवं सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक किया जाए। साथ ही यात्रा मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सेवाएं, साइनेज, पार्किंग और डायवर्जन व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेस-वे) का उपयोग कांवड़ यात्रा के लिए नहीं किया जाएगा। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को समय रहते आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने और अफवाहों तथा भ्रामक सूचनाओं का तत्काल तथ्यात्मक खंडन करने के निर्देश दिए। इसके लिए सभी राज्यों के सोशल मीडिया सेल और साइबर इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। रेलवे अधिकारियों को विशेष ट्रेनों के संचालन, स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) अभिनव कुमार, सचिव गृह शैलेश बगौली, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने कांवड़ मेले की तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधन पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक से पूर्व मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हर की पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड में मां गंगा की पूजा-अर्चना कर कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और निर्विघ्न आयोजन की कामना की।
