शिमला से लापता किशोरी मंडी के बल्ह से सुरक्षित बरामद
शिमला, 03 जून । शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग बालिका को पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार बालिका मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र से मिली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ननखड़ी थाना में एक शिकायत दर्ज करवाई गई थी कि एक नाबालिग बालिका घर से लापता हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक मामला दर्ज किया। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना ननखड़ी में 1 जून 2026 को धारा 137(2) बीएनएसएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बालिका की तलाश के लिए व्यापक खोज अभियान चलाया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारियों का सहारा लिया गया। पुलिस टीमों ने विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की और लगातार सूचनाएं एकत्र कीं।
