राज्यपाल गुरमीत सिंह ने सीएम हिमंता बिस्वा सरमा से की भेंट, दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर दी बधाई
देहरादून/गुवाहाटी: उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) इन दिनों असम के दौरे पर हैं। अपने इस भ्रमण के दौरान उन्होंने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा से एक आत्मीय और शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान दोनों दिग्गजों के बीच कई महत्वपूर्ण और विकासात्मक मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा को जनता का दोबारा विश्वास जीतने और दूसरी बार मुख्यमंत्री पद का दायित्व संभालने के लिए हृदय से बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
एक सैन्य पृष्ठभूमि से होने के नाते, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने मुख्यमंत्री सरमा के साथ सैन्य मामलों पर विशेष चर्चा की। वार्ता के मुख्य बिंदु असम रेजिमेंट के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रसेवा में उसके अद्वितीय व अतुलनीय योगदान को याद किया गया।सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण व उनकी समस्याओं से जुड़े विषयों पर गंभीर मंथन हुआ। राज्यपाल ने जोर देकर कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात हमारे वीर जवानों का सम्मान और उनका व उनके परिवारों का कल्याण हमेशा सरकार और समाज की सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए।
इस मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा को ‘देवभूमि’ उत्तराखंड आने के लिए सादर आमंत्रित भी किया। आने वाले समय में उत्तराखंड और असम के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक और विकासात्मक सहयोग और अधिक गहरा और सुदृढ़ होगा। दोनों राज्य मिलकर प्रगति के नए आयाम छुएंगे।
