दिल्ली की मस्जिदों-ईदगाहों में अदा की गई नमाज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नई दिल्ली। दिल्ली में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक अदा की गई। अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त कर्मियों, दंगा विरोधी वाहनों और त्वरित प्रतिक्रिया दलों को तैनात किया था। पुलिस ने बताया कि शहर भर की प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों और चिन्हित संवेदनशील स्थानों सुबह से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
उत्तर-पूर्वी और उत्तरी दिल्ली जिलों में विशेष ध्यान दिया गया था। उसने बताया कि त्योहार से जुड़ी किसी भी तरह की भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक वीडियो के प्रसार को रोकने के लिए साइबर टीम सोशल मीडिया मंचों पर लगातार नजर रख रहे हैं। पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पूर्वी) राहुल अलवाल ने बताया कि ईद-उल-अजहा के मद्देनजर उत्तर-पूर्वी जिले में करीब 1,100 पुलिसकर्मियों के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बलों की 23 कंपनियां तैनात की गई थीं।
