महंगे तेल से एयर इंडिया की 800 उड़ानों पर संकट, इंडिगो भी भरेगी कम उड़ानें
नई दिल्ली। टाटा ग्रुप की एयरलाइन एअर इंडिया हर हफ्ते करीब 800 घरेलू उड़ानों में कटौती कर रही है। यह बदलाव जून से अगस्त 2026 के बीच रहेगा। कंपनी ने यह फैसला जेट फ्यूल की बढ़ती कीमतों के कारण लिया है। वहीं एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इंडिगो भी अपनी घरेलू उड़ानों में पांच से सात फीसदी की कटौती कर सकती है। एअर इंडिया वर्तमान में हर हफ्ते करीब 4400 उड़ानें ऑपरेट कर रही है।
इनमें करीब 3600 घरेलू और 800 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल हैं। कंपनी ने 22 फीसदी तक घरेलू फ्लाइट्स में कटौती का ऐलान किया है। एअर इंडिया का कहना है कि वह बाजार की मांग और ऑपरेटिंग परिस्थितियों पर बारीकी से नजर रखेगी। जैसे ही परिस्थितियां सामान्य और स्थिर होंगी, उड़ानों की संख्या को दोबारा बहाल करने पर विचार किया जाएगा।
नई दिल्ली से अमरीकी राज्य कैलिफोर्निया के शहर सैन फ्रांसिस्को जा रहा एयर इंडिया का एक विमान करीब आठ घंटे तक हवा में मंडराने के बाद वापस दिल्ली लौट आया है। एयरलाइन सूत्रों ने बताया है कि ऐसा विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद हुआ। इस विमान में 230 यात्री सवार थे। एयरलाइन ने एक बयान में कहा है कि विमान सुरक्षित रूप से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि बुधवार को नई दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली फ़्लाइट एआई173, तय प्रक्रियाओं के अनुसार एक तकनीकी समस्या के कारण दिल्ली लौट आई है। विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और एयर इंडिया के सुरक्षा मानकों के अनुरूप इसकी तकनीकी जांच की जाएगी। एयरलाइन कंपनी ने जोर देकर कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
