हिमाचल: किन्नौर में पहले चरण का मतदान खत्म, 74.04% वोटिंग
रिकांगपिओ। जनजातीय जिला किन्नौर में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में 27 पंचायतों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। जिले में कुल 23,539 मतदाताओं में से 17,429 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 74.04 दर्ज किया गया। तीनों विकास खंडों में निचार ब्लॉक सबसे आगे रहा, जहां 79.79 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। यहां 6655 में से 5310 मतदाताओं ने वोट डाले। कल्पा ब्लॉक में 72.74 फीसदी और पूह ब्लॉक में 70.21 फीसदी मतदान हुआ।
पंचायतवार आंकड़ों में निचार ब्लॉक की काफनू पंचायत में सबसे अधिक 89.56 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। छोटा कंबा में 84.30 फीसदी और रूपी पंचायत में 82.96 फीसदी मतदान हुआ। कल्पा ब्लॉक की पांगी पंचायत में 78.68 फीसदी, सांगला में 78.10 फीसदी और सापनी में 76.97 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वहीं पूह ब्लॉक की कानम पंचायत में 82.78 फीसदी, रोपा में 74.43 फीसदी और पूह पंचायत में 72.71 फीसदी मतदान हुआ। प्रशासन के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण रहा और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
