कैंसर पीड़ित परिवार को जिला प्रशासन से मिली राहत, ऋण माफ

a0a2b872375a874cf35577d6a08fc106 (1)
0 0
Read Time:3 Minute, 12 Second

देहरादून, 16 मई (हि. स.)। मुख्यमंत्री धामी के निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन देहरादून ने आर्थिक संकट से जूझ रहे एक कैंसर पीड़ित परिवार को बड़ी राहत प्रदान की है। प्रशासन ने सीएसआर फंड के माध्यम से परिवार पर बकाया 71 हजार रुपये का ऋण जमा कराकर उन्हें ऋणमुक्त किया, वहीं रायफल क्लब मद से 50 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

रायपुर विकासखंड के मालदेवता निवासी संध्या रमोला ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति गले के कैंसर से पीड़ित हैं और हिमालय अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। लगातार कीमोथेरेपी और बीमारी के चलते वे काम करने में असमर्थ हो गए हैं, जिससे परिवार गंभीर आर्थिक संकट में पहुंच गया।

संध्या रमोला ने बताया कि उनके दो छोटे बच्चे हैं और इलाज, दवाइयों तथा घरेलू खर्चों के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। उन्होंने स्वयं सहायता समूह संचालन और स्वरोजगार के लिए वर्ष 2024 और 2025 में बैंक से ऋण लिया था, जिसकी किश्तें जमा न होने पर बैंक द्वारा लगभग 71 हजार रुपये जमा करने का नोटिस जारी किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सीएसआर फंड से पूरी ऋण राशि सीधे बैंक खाते में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक को नो ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करने को भी कहा गया। इसके अतिरिक्त रायफल क्लब मद से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से संध्या रमोला के खाते में भेजी गई।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे जरूरतमंद परिवार, जो किसी कारणवश योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं या आकस्मिक संकट का सामना कर रहे हैं, उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार, दिव्यांगजन, गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों, निराश्रित महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विभिन्न माध्यमों से लगातार सहायता प्रदान की जा रही है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish