त्रिवेणी घाट के पुनरुद्धार के लिए 115 करोड़ रुपये मंजूर, मुख्यमंत्री धामी ने दी स्वीकृति
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र त्रिवेणी घाट के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए 115 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस परियोजना के तहत घाट का व्यापक विकास किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि त्रिवेणी घाट देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसके विकास से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
परियोजना के तहत त्रिवेणी घाट का सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और आधुनिक अवसंरचना विकसित की जाएगी। इससे श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ने के साथ-साथ ऋषिकेश की धार्मिक और पर्यटन पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद त्रिवेणी घाट श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक धार्मिक स्थल के रूप में विकसित होगा।
