ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना: सहमति बनने तक पेड़ों की कटाई स्थगित
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना को लेकर पर्यावरण प्रेमियों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों द्वारा उठाई जा रही चिंताओं का संज्ञान लेते हुए बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी पक्षों के बीच सहमति बनने तक परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित पेड़ों की कटाई स्थगित रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण विशेषज्ञों तथा अन्य हितधारकों के साथ पुनः विस्तृत संवाद स्थापित किया जाए, ताकि सभी सुझावों और आपत्तियों पर गंभीरता से विचार किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की यह महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी आवश्यक वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों के अनुरूप आगे बढ़ाई जा रही थी। परियोजना में वन्यजीव संरक्षण के लिए लगभग 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडरपास और छोटे वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन हेतु विशेष कल्वर्ट का प्रावधान किया गया है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं में वन्यजीवों की मृत्यु की घटनाओं को कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास के लिए आधुनिक अवसंरचना आवश्यक है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों का पूर्ण सम्मान करते हुए ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और जब तक सभी पक्षों के बीच संतोषजनक सहमति एवं विश्वास का वातावरण नहीं बन जाता, तब तक परियोजना क्षेत्र में पेड़ों की कटाई नहीं होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर, जनभावनाएं और विकास सरकार के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। सरकार संवाद, सहमति और व्यापक जनहित को प्राथमिकता देते हुए ही इस परियोजना पर आगे बढ़ेगी।
