गोवर्धन पूजा पर मुख्यमंत्री धामी ने की गौ माता की विधि-विधान से पूजा-कामना
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर अपने शासकीय आवास में गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गौ माता को तिलक लगाकर पुष्पमाला पहनाई और पूजा कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी आस्था, श्रद्धा एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति और परंपराओं में गौ माता का विशेष महत्व है। गौ संरक्षण एवं संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग रहा है।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने तथा सभी जीवों के प्रति करुणा, प्रेम और संवेदनशीलता रखने का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ सेवा एवं संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना भी हम सभी का सामूहिक दायित्व है। हमें अपनी सांस्कृतिक परंपराओं और प्रकृति के संरक्षण के मूल्यों को जीवन में अपनाते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लेना चाहिए।
