मानसून तैयारियों पर विधानसभा अध्यक्ष की समीक्षा बैठक, सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश
कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सोमवार को तहसील सभागार, कोटद्वार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मानसून पूर्व आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में संभावित जलभराव, भूस्खलन, डेंगू-मलेरिया की रोकथाम, सर्पदंश से बचाव, पेयजल, विद्युत, सड़क, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक जनसुविधाओं की तैयारियों का विभागवार जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने नगर निगम को फॉगिंग अभियान तेज करने, नालियों की नियमित सफाई और झाड़ियों की कटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों एवं एंटी-वेनम की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने, लोक निर्माण विभाग को सभी प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त रखने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने को कहा।
इसके अलावा वन विभाग को नियमित गश्त और खतरे वाले पेड़ों की छंटाई, सिंचाई विभाग को जल निकासी तंत्र की सफाई, नलकूप विभाग को निर्बाध पेयजल आपूर्ति, खाद्य विभाग को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता तथा विद्युत विभाग को जर्जर लाइनों की मरम्मत कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि जनता की सुरक्षा, सुचारु जनसुविधाएं और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों से पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि मानसून के दौरान किसी भी नागरिक को असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग पूर्व तैयारी के साथ कार्य करें।
