कोटद्वार में ज्ञानसरोज एकेडमी का शुभारंभ, विधानसभा अध्यक्ष ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विधानसभा क्षेत्र कोटद्वार के दुर्गापुर में नवस्थापित ज्ञानसरोज एकेडमी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने वाले ऐसे संस्थान नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने के साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ऋतु खंडूड़ी भूषण ने ज्ञानसरोज एकेडमी के संस्थापक धर्मेश खंतवाल को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विधानसभा अध्यक्ष ने संस्थान की प्रगति और विद्यार्थियों की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
