विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा का प्रदेशव्यापी पौधारोपण अभियान, श्रीकांत शर्मा, जयराम ठाकुर, डॉ. राजीव बिंदल और डॉ. सिकंदर कुमार करेंगे सहभागिता
शिमला, 05 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश द्वारा आज से प्रदेशभर में व्यापक पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किया जा रहा यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित न रहकर आगामी एक माह तक चलेगा, जिसके अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों, मंडलों और बूथ स्तर तक हजारों पौधे लगाए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश नेतृत्व, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रमों में भाग लेकर अभियान को गति प्रदान करेंगे।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा कुल्लू जिला के बंजार विधानसभा क्षेत्र के बजौरा में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सिराज विधानसभा क्षेत्र के टांडी में पौधारोपण करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल नाहन विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
भाजपा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन मनाली और मंडी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के तारादेवी में पौधारोपण करेंगे, जबकि भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल शिमला विधानसभा क्षेत्र के नवबहार में आयोजित कार्यक्रम में पौधे लगाएंगे।
भाजपा ने प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं आम नागरिकों से इस पर्यावरण संरक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। पार्टी का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी आवश्यक है।
भाजपा ने संकल्प व्यक्त किया है कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान पूरे प्रदेश में जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण करेगा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरण का माध्यम बनेगा।
