शिमला में आधी रात खाई में जा गिरी कार, दम्पती की मौत

be9298dcb14a297809523439712b09b5
0 0
Read Time:3 Minute, 1 Second

शिमला, 31 जनवरी । खुशी से भरी एक रात अचानक मातम में बदल गई। रिश्तेदार के घर जन्मदिन मनाकर लौट रहे पति-पत्नी की कार आधी रात को सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और अस्पताल पहुंचने के बाद अगले दिन उनकी मौत हो गई। कुछ ही घंटों में एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया और दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।

हादसा शिमला ज़िले के रामपुर थाना क्षेत्र में गुरूवार की मध्य रात्रि को हुआ। जिस घर में जन्मदिन मनाया गया था, वहां से महज करीब 200 मीटर की दूरी पर यह दुर्घटना हो गई। घर पहुंचने से पहले ही यह सफर उनकी ज़िंदगी का आख़िरी सफर बन गया।

मृतकों की पहचान 36 वर्षीय प्यारे लाल और उनकी 32 वर्षीय पत्नी सुनीता के रूप में हुई है। दोनों रिश्तेदार के यहां जन्मदिन समारोह में शामिल होकर देर रात घर लौट रहे थे। अचानक उनकी आल्टो कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को घायल अवस्था में बाहर निकाला।

अस्पताल में इलाज के दौरान अगले दिन पति-पत्नी दोनों ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस असमय मौत से स्तब्ध है।

इस हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर उनके बच्चों की है। दंपती के 8 व 12 साल के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा उस रात घर पर ही था। छोटा बेटा भी माता-पिता के साथ जन्मदिन समारोह में गया था, लेकिन लौटते समय वह कार में नहीं बैठा। तय हुआ था कि वह अपने ताया के साथ अलग से आएगा। यही फैसला उसके लिए चमत्कार साबित हुआ और वह हादसे से बच गया।

अब दोनों बच्चे अचानक अनाथ हो गए हैं। गांव के लोग बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। हर कोई यही कह रहा है कि जन्मदिन की खुशी कुछ ही पलों में ऐसी त्रासदी में बदल जाएगी, किसी ने सोचा नहीं था।

पुलिस के अनुसार इस हादसे को लेकर थाना रामपुर में केस दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लापरवाही और तेज़ रफ्तार माना जा रहा है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish