प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा : मंत्री गोदारा

c5f48f6091ea3687107b26ffb72df699
0 0
Read Time:5 Minute, 22 Second

बीकानेर, 26 जनवरी । 77 वाँ गणतंत्र दिवस समारोह सोमवार को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में गरिमामय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ। जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर शांति के प्रतीक सफेद कपोत एवं रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर खुशहाली, समृद्धि एवं समरसता का संदेश दिया गया।

ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि गोदारा ने परेड का निरीक्षण किया तथा मार्चपास्ट की सलामी ली। राज्यपाल का संदेश एडीएम प्रशासन सुरेश कुमार यादव द्वारा पढ़कर सुनाया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए गोदारा ने वीर शहीदों को नमन करते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दुनिया के सफलतम लोकतंत्र के रूप में आज हम अपना 77 वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। आज पूरी दुनिया भारत और भारतीयों की क्षमता का लोहा मान‌ रही है।

शहीदों और संविधान निर्माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए गोदारा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। 4.5 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के साथ भारत विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। जल्द ही हम जर्मनी को पीछे छोड़ तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेंगे।

गोदारा ने कहा कि पिछले 11 सालों में देश में 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर किया गया। देश में नक्सलवाद को नेस्तनाबूद कर दिया गया है। देश 2047 में विकसित भारत बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

समारोह में सामाजिक सेवा, खेल, कला, संस्कृति एवं राजकीय सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 46 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। श्री डूंगरगढ़ की श्री गोपाल गोशाला को उत्कृष्ट गोशाला पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस दौरान सीडीईओ महेंद्र कुमार शर्मा व डीईओ माध्यमिक किशन दान चारण के मार्गदर्शन में करीब 1300 बच्चों ने व्यायाम, योग, भारतीयम, सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी। अनिल बोड़ा, रामकुमार पुरोहित व सुशील स्वामी निर्देशन में 16 विभिन्न स्कूलों के 450 बच्चों ने व्यायाम, ऋतु शेखावत, मीनाक्षी शर्मा व स्नेहलता रावत के निर्देशन में 12 स्कूल की 400 छात्राओं ने भारतीयम, श्याम राज शर्मा, गुलाबचंद व संतोष कुमार नायक के निर्देशन में 07 स्कूलों के 250 बच्चों ने योग व महारानी स्कूल की 200 छात्राओं ने नृत्य निर्देशिका डॉ वीणा जोशी के निर्देशन में सामूहिक नृत्य और रितु शर्मा, सोमेश जावा, जसदेव सिंह व जाकिर हुसैन के निर्देशन में आरएसवी स्कूल के बच्चों ने सामूहिक वाद्य यंत्र व गायन की मनमोहक प्रस्तुति दी।

इस दौरान संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, महानिरीक्षक पुलिस हेमंत शर्मा, जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर, कैबिनेट मंत्री की धर्मपत्नी शांता चौधरी, नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष, बीडीए आयुक्त अपर्णा गुप्ता, सीईओ जिला परिषद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी संजय पुरोहित, सहायक पर्यटन अधिकारी नेहा शेखावत, आईजीएनपी द्वितीय की लेखाधिकारी गुंजन चोपड़ा ने किया।

गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों की ओर से कुल 12 झांकियों का प्रदर्शन किया गया। जिसमें स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय की झांकी प्रथम, वन विभाग की द्वितीय एवं जिला परिषद की झांकी तृतीय स्थान पर रही।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish