मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर कार्यकर्ताओं ने दीर्घायु के लिए यमुनानगर में किया हवन
यमुनानगर, 25 जनवरी । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जन्मदिवस के अवसर पर रविवार को यमुनानगर में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना को लेकर आयोजित हवन-यज्ञ में जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी कर्मठ, ऊर्जावान और जनकल्याण के प्रति समर्पित नेता हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास को प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रहे हैं और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव उपलब्ध रहते हैं।
कार्यक्रम के आयोजक एवं पूर्व मेयर मदन चौहान ने मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नायब सैनी की कार्यशैली जनसेवा आधारित है। उनकी सुलभता और संवेदनशीलता के कारण प्रदेश में प्रशासन के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है। हवन-यज्ञ के दौरान मंत्रोच्चारण के साथ मुख्यमंत्री की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ।
