संविधान दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला होने के साथ ही राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता तथा प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं कर्तव्यों का सशक्त संरक्षक है।
मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माण में भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी महान सदस्यों के अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा व्यक्त करने और ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है, जहां प्रत्येक नागरिक को न्याय, समानता, सम्मान और समान अवसर प्राप्त हों।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे संविधान की मूल भावना और आदर्शों को आत्मसात करते हुए एक सशक्त, समरस, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
