बैकुण्ठ चतुर्दशी मेले में परेड, बैंड और झांकी प्रतियोगिताओं ने मोहा मन, उत्कृष्ट प्रतिभागी सम्मानित
श्रीनगर। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर में आयोजित बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी के अवसर पर आयोजित सामूहिक परेड, बैंड और झांकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों के प्रतिभागियों ने अनुशासित परेड, मनमोहक बैंड प्रस्तुतियों और आकर्षक झांकियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के उत्साह, रचनात्मकता और शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों की ओर से प्रस्तुत झांकियों ने मेले की भव्यता को और बढ़ाया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सामूहिक परेड, बैंड एवं झांकी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. रावत ने कहा कि बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करते हैं। साथ ही, हमारी लोक संस्कृति और परंपराओं को नई ऊर्जा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
