कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब

9
0 0
Read Time:4 Minute, 13 Second

हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान पर्व पर मंगलवार सुबह धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से ही हरकी पैड़ी समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। देश के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना और दीपदान किया। हरकी पैड़ी पर हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

स्नान पर्व के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित कर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। हरकी पैड़ी, प्रमुख गंगा घाटों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि स्नान के दौरान आवाजाही सुचारु बनी रहे।

कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि को कार्तिक पूर्णिमा कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु ने पृथ्वी पर मत्स्य अवतार लिया था। वहीं, भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। भगवान शिव की कृपा से देवताओं को अभयदान प्राप्त हुआ था। मान्यता है कि भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए देवता भी कार्तिक पूर्णिमा के दिन पृथ्वी पर आए और उन्होंने पवित्र नदियों में स्नान कर दीपदान किया था।

कार्तिक पूर्णिमा पर ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करना विशेष पुण्यदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस समय स्नान करने से देवताओं के साथ स्नान करने का पुण्य प्राप्त होता है। गंगा स्नान के बाद गुड़, तिल और ऊनी वस्त्रों का दान करना शुभ माना गया है। इसके अलावा, 360 बत्तियों वाला दीपक जलाने से पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होने की मान्यता है। इस दिन ब्रह्म मुहूर्त में स्नान के बाद दान-पुण्य और दीपदान करने से जीवन में सुख-शांति एवं मोक्ष की प्राप्ति होती है।

वहीं, स्नान पर्व को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। शहर में वाहनों का दबाव कम करने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, जबकि हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हरकी पैड़ी समेत हरिद्वार के सभी प्रमुख गंगा घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार मुस्तैद हैं।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish