कंगना के पुराने वीडियो को भ्रामक दावों के साथ प्रसारित करने पर मुकदमा दर्ज
देहरादून: अभिनेत्री एवं भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर भ्रामक और झूठे तथ्यों के साथ प्रसारित करने के मामले में राजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने सोमवार को थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद कंगना रनौत के राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना के पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर भ्रामक कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियों के साथ प्रसारित किया जा रहा है।
शिकायत में कहा गया है कि वीडियो के साथ यह झूठा दावा किया जा रहा है कि कंगना रनौत ने 29 अक्टूबर को प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए व्रत रखा था। इससे सांसद की सामाजिक प्रतिष्ठा और गरिमा को ठेस पहुंचाने के साथ ही महिलाओं के सम्मान तथा धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसमें आईटी एक्ट की धारा 66सी और 66डी तथा बीएनएस की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विवेचना डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और उनके संचालकों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की पहचान होने पर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
