मायके में दिवाली मनाने आए परिवार की नाबालिग बेटी से छेड़छाड़, केस दर्ज

2107b1681968d79bbb196b149a650846
0 0
Read Time:2 Minute, 53 Second

शिमला: शिमला जिला के कुपवी पुलिस थाना क्षेत्र में अपने परिवार के साथ मायके में दिवाली का त्योहार मनाने आई एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की धारा 74 और 78 सहित पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिरमौर जिले की शिलाई तहसील निवासी महिला ने कुपवी पुलिस थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ आठ नवंबर को दिवाली के उत्सव में शामिल होने के लिए अपने मायके आई हुई थीं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 10 नवंबर को दिवाली समारोह के समापन के दिन उनकी नाबालिग बेटी अपनी एक सहेली के साथ मंदिर परिसर से घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान कुलग गांव के रहने वाले संदीप शर्मा नाम के युवक ने दोनों का पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपी ने रास्ते में जबरन पीड़िता का हाथ पकड़ लिया और उससे बात करने का प्रयास करने लगा।

परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक जब नाबालिग लड़की ने खुद को छुड़ाने के लिए आरोपी को धक्का देकर दूर हटाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके साथ अनुचित तरीके से छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तुरंत कुपवी पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत सौंपी। पुलिस के मुताबिक शिकायत के आधार पर आरोपी संदीप शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish