हेमकुंड साहिब में फिसलन भरे रास्तों पर श्रद्धालुओं का सहारा बनी चमोली पुलिस और SDRF
चमोली। श्री हेमकुंड साहिब में बीते दिन और आज हुई बर्फबारी से धाम का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है। बर्फ की सफेद चादर से ढके धाम की खूबसूरती श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने के साथ ही यहां के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे हैं।
बर्फबारी के चलते हेमकुंड साहिब जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर फिसलन बढ़ गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को देखते हुए चमोली पुलिस और एसडीआरएफ के जवान लगातार मौके पर तैनात हैं। बर्फबारी और फिसलन के बीच जवान श्रद्धालुओं की मदद कर रहे हैं। पुलिस और एसडीआरएफ कर्मी श्रद्धालुओं का हाथ थामकर उन्हें फिसलन भरे रास्तों को सुरक्षित पार करा रहे हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
वहीं, घांघरिया चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह जवानों के साथ लगातार संपर्क में हैं। वह मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। बर्फबारी के बीच पुलिस और एसडीआरएफ की सक्रियता से श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा में मदद मिल रही है।
