जी.एस.एस.एस. निचार का जलवा: मुक्केबाज़ी में रचा इतिहास, सूरज ने जीता बड़ा खिताब
भावानगर/ किन्नौर: हिमाचल प्रदेश के दुर्गम पहाड़ों के बीच छिपी खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अगर हौसले बुलंद हों, तो हर कठिनाई को पार किया जा सकता है। किन्नौर जिले के भावानगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गाँव निचार से एक बेहद गर्व और उत्साह से भरी खबर सामने आ रही है, कटगाँव में आयोजित अंडर-19 बॉक्सिंग टूर्नामेंट में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निचार के युवा खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और कौशल का परचम लहराते हुए इतिहास रच दिया है।

कटगाँव में आयोजित अंडर-19 बॉयज़ बॉक्सिंग टूर्नामेंट में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निचार की मुक्केबाजी टीम ने शानदार और ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। टूर्नामेंट के कड़े मुकाबलों के दौरान गाँव निचार के सभी बच्चों ने अपनी कठिन मेहनत, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रिंग में अपने प्रतिद्वंदियों को कड़ी टक्कर दी और विजेता की ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया। इस शानदार जीत से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे भावानगर, निचार गाँव और किन्नौर क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
इस प्रतियोगिता में विद्यालय के होनहार खिलाड़ी सूरज ने व्यक्तिगत स्तर पर भी बेहद बेहतरीन खेल दिखाते हुए टूर्नामेंट के ‘बेस्ट बॉक्सर’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। सूरज की इस बड़ी उपलब्धि से पूरे इलाके और गाँव में जश्न का माहौल है।

बच्चों की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनके आदरणीय कोच की दिन-रात की मेहनत, सही तकनीकी मार्गदर्शन व निरंतर मिलने वाला प्रोत्साहन शामिल है। विद्यालय परिवार और स्थानीय नागरिकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों और उनके कोच को इस शानदार उपलब्धि के लिए ढेरों दी शुभकामनाएं।
