स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह: विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, क्विज और चित्रकला प्रतियोगिताओं के जरिए छात्रों को किया जागरूक
देहरादून। नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून के मार्गदर्शन में स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के तृतीय दिवस पर नगर निगम देहरादून ने विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs) के सहयोग से शहर के विभिन्न विद्यालयों में वायु प्रदूषण के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के कारणों, उसके दुष्प्रभावों तथा प्रदूषण नियंत्रण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए क्विज एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों को विशेष रूप से PM10 और PM2.5 जैसे सूक्ष्म कणीय वायु प्रदूषकों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि ये सूक्ष्म कण वायु गुणवत्ता को प्रभावित करने के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक हो सकते हैं।
जागरूकता कार्यक्रम में PM10 और PM2.5 के प्रमुख स्रोतों की जानकारी देते हुए बताया गया कि वाहनों से निकलने वाला धुआं, सड़क की धूल, निर्माण एवं विध्वंस कार्य, खुले में कचरा जलाना तथा अन्य दहन गतिविधियां वायु प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं।
नगर निगम की टीम ने विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण कम करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में भी बताया। छात्रों को खुले में कूड़ा न जलाने, सार्वजनिक परिवहन एवं साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने, वाहनों का नियमित रख-रखाव करने, धूल नियंत्रण में सहयोग करने तथा अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छ वायु’, ‘प्रदूषण मुक्त देहरादून’ और ‘हरित शहर’ जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से वायु गुणवत्ता, PM10 और PM2.5 से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विद्यार्थियों तक रोचक एवं संवादात्मक तरीके से पहुंचाई गईं।
नगर निगम देहरादून ने बताया कि स्वच्छ वायु दिवस सप्ताह के तहत जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विद्यालयों, बाजारों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगातार आईईसी (Information, Education and Communication) गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन अभियानों का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी को वायु प्रदूषण के कारणों और उसके नियंत्रण में उनकी जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है।
नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की कि ‘स्वच्छ वायु, स्वस्थ जीवन’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए खुले में कूड़ा जलाने से बचें, धूल एवं धुएं के उत्सर्जन को कम करें और स्वच्छ एवं हरित देहरादून के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
