सीएम धामी ने भाजपा कार्यालय में पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत का किया स्वागत, नई जिम्मेदारी पर दी शुभकामनाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय, देहरादून में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा सौंपी गई नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तीरथ सिंह रावत का संगठन के प्रति समर्पण, दीर्घ राजनीतिक अनुभव और सरल-सहज व्यक्तित्व सदैव पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा जाना उत्तराखंड के लिए भी गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि तीरथ सिंह रावत अपने अनुभव और संगठनात्मक कौशल के माध्यम से पार्टी को और मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
