नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत करने जुटे छात्र-छात्राएं, धन सिंह रावत ने दिलाई नशे से दूर रहने की शपथ
देहरादून। नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से आज देहरादून स्थित उत्तराखंड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान में नशा मुक्ति अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री धन सिंह रावत ने प्रतिभाग करते हुए छात्र-छात्राओं से संवाद किया और नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। धन सिंह रावत ने युवाओं का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान को प्रदेशभर में अगले 100 दिनों तक लगातार विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संचालित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को गति देना है।
धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश का सामूहिक संकल्प नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त उत्तराखंड का निर्माण करना है। इसके लिए सरकार के साथ-साथ समाज, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं और विभिन्न संगठनों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली और विधायक महंत दिलीप सिंह रावत भी मौजूद रहे।
