रितु खंडूड़ी ने सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए भेजीं हस्तनिर्मित राखियां
कोटद्वार। कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के रतनपुर कुम्भीचौड़ में श्री बालाजी श्रम एवं निर्माण संविदा स्वायत सहकारिता की ओर से आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूड़ी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में सैनिक भाइयों के प्रति सम्मान और बहनों के स्नेह को समर्पित भावपूर्ण आयोजन किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती सुनीता कोटनाला एवं समूह की महिलाओं द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई राखियां देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के लिए भेजी गईं। महिलाओं ने राखियों के माध्यम से जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की।
रितु खंडूड़ी ने कहा कि हमारे सैनिक अपने परिवारों से दूर रहकर दिन-रात देश की सीमाओं की सुरक्षा में डटे रहते हैं। ऐसे में बहनों का यह स्नेह और सम्मान राष्ट्रप्रेम, कृतज्ञता तथा भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का सुंदर प्रतीक है।
उन्होंने श्री बालाजी समिति एवं सभी महिलाओं के इस भावपूर्ण एवं सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहलें हमारी संस्कृति, महिला स्वावलंबन और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करती हैं।
