मिक्सर ट्रैक्टर की चपेट में आकर बीटेक छात्रा की मौत

9
0 0
Read Time:2 Minute, 54 Second

देहरादून। क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय की बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत हो गई। चार खंभा चौक के पास पीछे से आ रहे मिक्सर ट्रैक्टर ने छात्रा को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मिक्सर ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8:45 बजे क्लेमनटाउन थाना पुलिस को चार खंभा चौक के पास सड़क हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवती को एंबुलेंस के माध्यम से निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान वैष्णवी रावत (18) पुत्री प्रदीप सिंह रावत निवासी पटेल नगर, शादीपुर मेट्रो स्टेशन के पास, दिल्ली के रूप में हुई है। वैष्णवी ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय में बीटेक प्रथम वर्ष की छात्रा थी।

मौके पर मौजूद मृतका की बड़ी बहन कृतिका रावत ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन के साथ चार खंभा चौक से पैदल कमरे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए मिक्सर ट्रैक्टर ने वैष्णवी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह ट्रैक्टर के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिक्सर ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। क्लेमनटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। रात अधिक होने के कारण पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई सोमवार को की जाएगी।

Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %
en_USEnglish